अयोध्या में दोस्ती को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक की शादी की तस्वीरें उसके दोस्त ने उसकी पूर्व प्रेमिका को भेज दीं। इससे नाराज होकर दो दोस्तों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस की सख्त पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पढ़िए पूरी खबर…
जानिए क्या है पूरा मामला
Ayodhya News: रामनगरी अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र में हुई युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक के ही दो दोस्तों ने की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी।
प्रेम विवाद बना हत्या की बड़ी वजह
मृतक की पहचान शुभम रावत के रूप में हुई है। वह खंडासा थाना क्षेत्र के खानपुर गांव का रहने वाला था। पुलिस जांच में सामने आया कि शुभम और उसके दोस्तों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था, जो धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि उसकी जान चली गई।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के अनुसार मुख्य आरोपी अंकुर पांडे ने शुभम की शादी की फोटो उसकी पुरानी प्रेमिका को भेज दी थी। इस फोटो को देखकर प्रेमिका नाराज हो गई और उसने शुभम से बातचीत बंद कर दी। इसी बात को लेकर शुभम और अंकुर के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी।
इसे भी पढ़ें; 772 ग्राम पंचायतों में ‘वीबी-जी राम जी’ योजना पर काम शुरू, सुस्ती बरतने वाले छह ब्लॉकों के बीडीओ से मांगा जवाब
मिलने के बहाने बुलाया, शराब पिलाकर की हत्या
वहीं दूसरा आरोपी गिरीश रावत भी शुभम से किसी पुराने विवाद को लेकर नाराज था। दोनों आरोपियों ने मिलकर शुभम को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। घटना 26 दिसंबर 2025 की है। उस दिन दोनों ने शुभम को फोन कर मिलने के बहाने रौनाही थाना क्षेत्र में बुलाया।
जब शुभम वहां पहुंचा तो आरोपियों ने पहले उसे शराब पिलाई। नशे की हालत में आने के बाद आरोपियों ने बांका से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
सरयू में शव फेंककर रची झूठी कहानी, जांच में खुली पोल
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए सरयू नदी में फेंक दिया और यह झूठी कहानी गढ़ दी कि शुभम स्नान के दौरान नदी में डूब गया। हालांकि पुलिस को शुरू से ही इस कहानी पर शक था।
जांच में सामने आया कि शुभम को आखिरी बार अंकुर पांडे और गिरीश रावत के साथ देखा गया था। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपी टूट गए और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
#ayodhyanews #ayodhyamurder #upcrime #breakingnews #crimenews






