अयोध्या। जिले की सभी 772 ग्राम पंचायतों में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन–ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) को लेकर जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। इसके तहत 11 विकासखंडों में ग्राम पंचायत स्तर पर बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को अब हर साल 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी मिलेगी। हालांकि छह विकासखंडों में बैठकों की धीमी प्रगति पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित बीडीओ से जवाब तलब किया है। प्रशासन का लक्ष्य योजना को प्रभावी ढंग से लागू कर अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभ पहुंचाना है।
Ayodhya News: जिले की सभी 772 ग्राम पंचायतों को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन–ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) की जानकारी देने की कवायद शुरू हो गई है। इसके तहत जिले के 11 विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में बैठकों का सिलसिला चल रहा है। हालांकि छह विकासखंडों में बैठकों के प्रति उदासीनता सामने आने पर संबंधित खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) से जवाब तलब किया गया है।
मनरेगा की जगह लागू हुआ नया कानून, 125 दिन का रोजगार
वीबी-जी राम जी योजना केंद्र सरकार द्वारा लागू किया गया नया कानून है, जिसने मौजूदा मनरेगा योजना की जगह ले ली है। इस योजना के तहत अब ग्रामीण परिवारों को हर साल 100 की बजाय 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी मिलेगी। योजना का मकसद विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करना, ग्रामीण आजीविका को मजबूत करना और स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को गति देना है।
इसमें ग्राम पंचायतों को योजना निर्माण की अहम जिम्मेदारी दी गई है, वहीं श्रमिकों को समय पर मजदूरी और बेरोजगारी भत्ता मिलने का भरोसा भी दिलाया गया है।
ग्राम सभाओं के जरिए गांव-गांव पहुंचेगी योजना
योजना को ज़मीन पर उतारने और ग्रामीणों को इससे जोड़ने के लिए जिले भर में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन सभाओं में ग्रामीणों को योजना से जुड़ी हर जरूरी जानकारी दी जा रही है। साथ ही जागरूकता बढ़ाने के लिए गांवों में पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स, नारे और दीवार लेखन जैसे माध्यमों का सहारा लिया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण योजना का लाभ उठा सकें।
इसे भी पढ़ें; रामलला की प्राण प्रतिष्ठा, अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर होगा ध्वजारोहण
कुछ ब्लॉकों में सुस्ती, बीडीओ से मांगा जवाब
जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि सोहावल ब्लॉक की 56 में से 36, पूरा बाजार की 54 में से 28, मसौधा की 57 में से 14, बीकापुर की 75 में से आठ और मया बाजार की 83 में से सात ग्राम पंचायतों में अब तक विशेष बैठकों का आयोजन हो चुका है। इन बैठकों में लिए गए फैसलों को पंचायत निर्णय पोर्टल पर अपलोड भी कर दिया गया है।
वहीं मिल्कीपुर, मवई, रुदौली, अमानीगंज, हैरिंग्टनगंज और तारुन विकासखंडों में बैठकों की रफ्तार काफी धीमी पाई गई है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने नाराजगी जताते हुए संबंधित बीडीओ से जवाब तलब किया है और बैठकों की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
#ayodhyanews #vbg_ramJi_yojana #ruralemployment #grampanchayat #upnews