अयोध्या के गुप्तार पार्क संवर रहा है, नई झील से बदलेगा पूरा नज़ारा

अयोध्या, 6 फरवरी।
गुप्तार घाट को अगर आपने पहले देखा है, तो अब दोबारा देखने का मन ज़रूर करेगा। वजह साफ है। यहां तेज़ी से सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है और गुप्तार पार्क को बिल्कुल नए रूप में तैयार किया जा रहा है। योगी सरकार की इस पहल से यह जगह अब सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि घूमने और सुकून पाने की खास जगह बनने जा रही है।

सरयू नदी के किनारे स्थित गुप्तार पार्क में एक खूबसूरत कृत्रिम झील बनाई जा रही है। इसके साथ हरियाली, नए रास्ते, रोशनी और बैठने की सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक न सिर्फ राम से जुड़ी आस्था को महसूस करेंगे, बल्कि प्रकृति के बीच कुछ सुकून के पल भी बिता सकेंगे।

इस पूरे काम पर करीब 842.26 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। परियोजना को राजकीय उद्यान विभाग देख रहा है और निर्माण कार्य राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड करा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो यह काम मई तक पूरा हो जाएगा

गुप्तार घाट का महत्व बहुत खास है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने यहीं सरयू में जल समाधि लेकर अपनी लीला पूरी की थी। इसी वजह से यह जगह श्रद्धालुओं के लिए बेहद भावनात्मक है। घाट पर बने राम-जानकी मंदिर, चरण पादुका, हनुमान मंदिर और गुप्त हरि मंदिर आज भी लोगों को त्रेता युग की याद दिलाते हैं।

परियोजना से जुड़े इंजीनियरों का कहना है कि नई झील इस पार्क की सबसे बड़ी खासियत होगी। यहां योग, ध्यान और शांत वातावरण का अनुभव मिलेगा। सोचिए, सरयू के पास पानी, हरियाली और शांति… यही तो लोग आजकल ढूंढते हैं।

अभी पार्क में क्या काम चल रहा है, इसकी बात करें तो पाथवे बन रहे हैं, बाउंड्री वॉल की फिनिशिंग हो रही है। ऑफिस, गार्ड रूम, टिकट काउंटर और शौचालय लगभग तैयार हैं। योगा शेड और गजिबो पर पेंटिंग चल रही है। झील की दीवार और ब्रिज का काम भी आगे बढ़ चुका है। रात को पार्क और खूबसूरत दिखे, इसके लिए हाईमास्ट लाइट लगाने की तैयारी भी हो चुकी है।

जिला उद्यान अधिकारी अरुण तिवारी का कहना है कि काम पूरा होने के बाद गुप्तार पार्क एक ऐसा स्थान बनेगा, जहां लोग आस्था के साथ-साथ शांति और सुंदरता का भी आनंद ले सकेंगे।

कुल मिलाकर, गुप्तार घाट और पार्क अब एक नई पहचान की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसा लगता है कि आने वाले समय में यह जगह अयोध्या घूमने आए लोगों की लिस्ट में ज़रूर शामिल होगी।

Leave a Comment