Mumbai के यात्रियों के लिए रेलवे ने घोषणा की है। मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे ने 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 की आधी रात को अतिरिक्त लोकल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि नए साल की पूर्व संध्या पर यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को देर रात यात्रा करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
किन – किन स्टेशनों पर रुकेंगी ट्रेनें?
नए साल की पूर्व संध्या पर चलने वाली स्पेशल लोकल ट्रेनों को लेकर यात्रियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि ये ट्रेनें किन-किन स्टेशनों पर रुकेंगी। इस पर मध्य रेलवे ने पूरी तरह से स्थिति साफ कर दी है। रेलवे के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 और 1 जनवरी 2026 की आधी रात को चलाई जाने वाली सभी स्पेशल लोकल ट्रेनें अपने-अपने रूट के हर स्टेशन पर ठहरेंगी।
चाहे बात मेन लाइन की हो या हार्बर लाइन की, किसी भी स्टेशन को छोड़ा नहीं जाएगा। यानी छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से लेकर कल्याण तक और CSMT से पनवेल तक, सभी प्रमुख और छोटे स्टेशन इस सेवा में शामिल रहेंगे।
कहां-कहा चलेगी लोकल ट्रेन
नए साल की रात मुंबई में लोकल ट्रेन सेवाओं को लेकर रेलवे ने खास प्लान तैयार किया है। मध्य रेलवे की ओर से यह स्पेशल सेवाएं मेन लाइन और हार्बर लाइन दोनों पर चलाई जाएंगी। मेन लाइन पर दो स्पेशल ट्रेनें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और कल्याण के बीच संचालित होंगी, जबकि हार्बर लाइन पर दो ट्रेनें CSMT और पनवेल के बीच चलेंगी।
मेन लाइन की एक स्पेशल लोकल ट्रेन CSMT से रात 1:30 बजे रवाना होकर सुबह 3:00 बजे कल्याण पहुंचेगी। वहीं दूसरी ट्रेन कल्याण से रात 1:30 बजे चलकर सुबह 3:00 बजे CSMT पहुंचेगी। इसी तरह हार्बर लाइन पर CSMT से पनवेल और पनवेल से CSMT के बीच भी रात 1:30 बजे स्पेशल लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
पश्चिम रेलवे से चलेंगी आठ लोकल ट्रेनें।
नववर्ष की भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने भी यात्रियों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। पश्चिम रेलवे 31 दिसंबर की रात चर्चगेट और विरार के बीच कुल 8 अतिरिक्त लोकल ट्रेन सेवाएं चलाएगा। इनमें 4 ट्रेनें अप दिशा में और 4 ट्रेनें डाउन दिशा में संचालित होंगी।
- चर्चगेट से विरार के लिए लोकल ट्रेनें दोपहर 1:15 बजे, 2:00 बजे, रात 3:25 बजे और सुबह 4:10 बजे रवाना होंगी।
- वहीं विरार से चर्चगेट की ओर चलने वाली ट्रेनें रात 12:15 बजे, 12:45 बजे, 1:40 बजे और सुबह 3:05 बजे रवाना होंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ये सभी लोकल ट्रेनें भी सभी स्टेशनों पर रुकेंगी।
नए साल की रात मरीन ड्राइव, गिरगांव और दक्षिण मुंबई की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने अतिरिक्त सेवाओं के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत करने का फैसला लिया है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बिना टिकट यात्रा पर लगेगी रोक।
नए साल के मौके पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच रेलवे प्रशासन ने बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का फैसला किया है। मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे दोनों ने साफ कर दिया है कि बिना टिकट या बिना वैध परमिट यात्रा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। स्टेशनों, लोकल ट्रेनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त टिकट चेकर्स की तैनाती की जाएगी, ताकि असली यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो। रेलवे का कहना है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले टिकट जरूर लें और नियमों का पालन करें।